
*शिक्षक दिवस पर शिक्षिका अंजू पांडे सम्मानित*
जमशेदपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘समर्पण’ के तत्वावधान में सिद्धगोड़ा स्थित रामकृष्ण मिशन इंग्लिश स्कूल की शिक्षिका अंजू पांडे को उनके शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, गमला सहित पौधा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षिका अंजू पांडे बच्चों को नियमित रूप से शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराकर वह समाज में शिक्षा की अलख जगाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
संस्था के सदस्यों ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज निर्माण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाना चाहिए। अंजू पांडे जैसी शिक्षिकाएं शिक्षा के माध्यम से बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
मौके पर सामाजिक संस्था ‘समर्पण’ के अध्यक्ष विभूति जेना, सचिव कुमुद शर्मा, मनीषा शर्मा, सूरज एवं पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।




