चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस, पीएचईडी ने जल्द जलापूर्ति बहाल करने का दिया आश्वासन
चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस, पीएचईडी ने जल्द जलापूर्ति बहाल करने का दिया आश्वासन

*पंप हाउस से पीतल का चेक वाल्व चोरी, 1140 क्वार्टर की सुबह बेला की जलापूर्ति ठप*
*चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस, पीएचईडी ने जल्द जलापूर्ति बहाल करने का दिया आश्वासन*
जमशेदपुर। बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी स्थित पंप हाउस में अज्ञात चोरों ने खिड़की के रास्ते प्रवेश कर मेन पाइपलाइन में लगा पीतल का चेक वाल्व चोरी कर लिया। चेक वाल्व चोरी होने के कारण मंगलवार की सुबह से पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे हाउसिंग कॉलोनी के करीब 1140 क्वार्टरों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा के प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा एवं वार्ड सदस्य उमेश पांडे पंप हाउस पहुंचे। उन्होंने पंप हाउस के ऑपरेटर राम सिंह से घटना की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पंप हाउस की खिड़की से चोरों के प्रवेश करने तथा मेन पाइपलाइन का पीतल का चेक वाल्व चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पंप हाउस से ही बागबेड़ा थाना एवं पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना के पदाधिकारी पंप हाउस पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
वहीं, पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता ने भी चोरी हुए सामान को जल्द दुरुस्त करवाकर जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा एवं वार्ड सदस्य उमेश पांडे ने संयुक्त रूप से पुलिस प्रशासन से पंप हाउस में हुई चोरी की जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा पीएचईडी विभाग से क्षतिग्रस्त व्यवस्था को तत्काल ठीक कर 1140 क्वार्टरों में जलापूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।




