बागबेड़ा में वर्षों से जमा कचरे के ढेर का जुस्को अधिकारियों ने किया निरीक्षण
बागबेड़ा में वर्षों से जमा कचरे के ढेर का जुस्को अधिकारियों ने किया निरीक्षण

*बागबेड़ा में वर्षों से जमा कचरे के ढेर का जुस्को अधिकारियों ने किया निरीक्षण*
*जेसीबी और हाइवा के आवागमन में बाधा नहीं होने पर जल्द शुरू होगा कचरा उठाव*
जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार के निर्देश पर टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (जुस्को) के पदाधिकारियों ने सोमवार को बागबेड़ा कॉलोनी दुर्गा पूजा मैदान के समीप वर्षों से जमा कचरे के ढेर का निरीक्षण किया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जुस्को पदाधिकारियों ने कचरा स्थल तक हाइवा और जेसीबी के पहुंचने तथा कचरा उठाव के लिए पर्याप्त रास्ते का जायजा लिया। इसके अलावा मौके पर मौजूद बिजली के तारों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया, ताकि जेसीबी और हाइवा के परिचालन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
जुस्को अधिकारियों ने हाइवा एवं जेसीबी चालकों को कचरा स्थल तक पहुंचने का रास्ता दिखाते हुए पूरे स्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्थल का अंतिम निरीक्षण और तकनीकी स्थिति स्पष्ट होने के बाद निर्णय लिया जाएगा। यदि जेसीबी एवं हाइवा के आवागमन तथा कचरा उठाव में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई तो वर्षों से जमा कचरे का उठाव कर दिया जाएगा।
बताया गया कि सोमवार को बागबेड़ा कॉलोनी दुर्गा पूजा मैदान के समीप लंबे समय से जमा कचरे के ढेर को हटाने की मांग को लेकर विधायक संजीव सरदार को मांग पत्र सौंपा गया था। इसी के आलोक में जुस्को के पदाधिकारी स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निरीक्षण के बाद जल्द ही कचरे का उठाव शुरू होगा और क्षेत्र के लोगों को गंदगी से राहत मिलेगी।
इस दौरान नरेश लाल, विष्णु क्रेकटा, संजय महतो, पप्पू उपाध्याय, नीता सरकार एवं पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




