बागबेड़ा कॉलोनी स्थित राजेंद्र मध्य विद्यालय परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग की मांग
बागबेड़ा कॉलोनी स्थित राजेंद्र मध्य विद्यालय परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग की मांग

बागबेड़ा कॉलोनी स्थित राजेंद्र मध्य विद्यालय परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग की मांग
बागबेड़ा कॉलोनी स्थित राजेंद्र मध्य विद्यालय परिसर में लगे हुए ट्रांसफार्मर के ऊपर एवं आसपास उगी हुई वृक्षों की शाखाओं, लताओं और झाड़ियों की साफ-सफाई तथा लोहे के तार से बैरिकेडिंग करने की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के एसडीओ श्री देवाशीष पात्रा से मिलकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि स्कूल परिसर में ही विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित होने के कारण स्कूली बच्चों के बीच हमेशा खतरा बना रहता है। ट्रांसफार्मर के ऊपर तथा चारों तरफ वृक्षों की बड़ी-बड़ी शाखाएं, पत्तियां और लताएं फैल चुकी हैं। साथ ही ट्रांसफार्मर के नीचे एवं बगल में भी छोटे-छोटे कटीले पेड़-पौधे उग आए हैं। ऐसी स्थिति में शाखाओं एवं लताओं के ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट, आगजनी एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना रहता है। इससे स्कूली बच्चों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं आसपास के निवासियों के जान-माल को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसलिए जनहित एवं जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफार्मर के ऊपर एवं आसपास फैली हुई सभी शाखाओं, लताओं एवं झाड़ियों को यथाशीघ्र हटाया जाए तथा ट्रांसफार्मर के चारों तरफ लोहे के तार से बैरिकेडिंग की जाए।
वस्तुस्थिति से अवगत होने के पश्चात एसडीओ श्री देवाशीष पात्रा ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को अविलंब ट्रांसफार्मर के ऊपर, नीचे एवं आसपास के सभी वृक्षों, लताओं और झाड़ियों की साफ-सफाई करने का निर्देश दिया तथा ट्रांसफार्मर के चारों तरफ लोहे के तार से जल्द ही बैरिकेडिंग करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान समाजसेवी अशोक दुबे, वार्ड सदस्य कर्ण, प्रकाश पांडे, सोनू, निशांत, बिंदुभूषण कुमार, अंजू कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।




