झामुमो संगठन को मजबूत करने में जुटी, सीएम हेमंत सोरेन की बैठक में बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर
झामुमो संगठन को मजबूत करने में जुटी, सीएम हेमंत सोरेन की बैठक में बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर

झामुमो संगठन को मजबूत करने में जुटी, सीएम हेमंत सोरेन की बैठक में बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर…
रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए जहां संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय संगठन की जिम्मेदारी पहले से ज्यादा बढ़ गई है इसलिए हर स्तर पर पार्टी को सक्रिय रहना जरूरी है।
उन्होंने नगर और महानगर कमेटियों को भी और ज्यादा सक्रिय बनाने की बात कही। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लगातार जनता के बीच रहें और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
बैठक में आगामी जनगणना और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि जनगणना सिर्फ आंकड़ों का मामला नहीं है बल्कि इससे समाज के अलग-अलग वर्गों के अधिकार भी जुड़े होते हैं। इसलिए आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों की सही गणना सुनिश्चित करना जरूरी है।
एसआईआर को लेकर भी बैठक में चिंता जताई गई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने साफ किया कि किसी भी हाल में जनता के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं के लिए विशेष अभियान चलाकर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे जनगणना और मतदाता सूची जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर सकें।
बैठक के पहले दिन राज्य के 12 जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए जबकि दूसरे दिन बाकी जिलों के साथ चर्चा की जाएगी। इस दौरान कई सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
#RITESH SHARAN####




