वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न
वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न

केरला समाजम हिंदी स्कूल, गोलमुरी, जमशेदपुर – 831009
दिनांक: 03 सितंबर 2026
वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न
केरला समाजम हिंदी स्कूल, गोलमुरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, नियमितता, प्रतिभा एवं वर्षभर के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित कर उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केरला समाजम के नवनिर्मित अध्यक्ष माननीय श्रीमान टी. के. सुकुमारन की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही,बीओटी के सदस्यगण, शैक्षणिक निर्देशिका श्रीमती नंदिनी शुक्ला, प्राचार्या सुश्री रीना बनर्जी, उपप्राचार्य श्रीमान ए. एल. अब्राहम, उप प्राचार्या सुजाता सिंह, तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहें।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके पश्चात् विद्यार्थियों ने मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। नृत्य, समूह-गान एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को उत्साह, उमंग और उल्लास से भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उनकी प्रतिभा, अनुशासन, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सुंदर झलक देखने को मिली।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरण रहा। शैक्षणिक गतिविधियों तथा नियमितता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। यह सम्मान उनके लिए केवल उपलब्धि का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भविष्य में निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा भी बना।
मुख्य अतिथि श्रीमान टी. के. सुकुमारन ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों की छोटी-छोटी उपलब्धियाँ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनती हैं।”
विद्यालय के प्राचार्य श्रीमान अनुरंजन सर ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा, लगन और मेहनत का सम्मान है। यह सम्मान उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने और जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है।”
कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका प्रीति कुमारी, छात्रा लक्ष्मी कुमारी एवं छात्र अनिरुद्ध विश्वकर्मा के द्वारा अत्यंत प्रभावशाली, आकर्षक ढंग से किया गया। उनके कुशल संचालन ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं जीवंत बनाए रखा।
विद्यालय परिवार ने इस सफल एवं यादगार आयोजन के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, सम्मान और नई ऊर्जा का अवसर बना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आभा कुमारी के द्वारा




