गुरु पूर्णिमा पर कबीर साहेब सत्संग मिशन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
गुरु पूर्णिमा पर कबीर साहेब सत्संग मिशन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गुरु पूर्णिमा पर कबीर साहेब सत्संग मिशन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ब्यूरो चीफ विवेक सिनहा
वाराणसी उत्तरप्रदेश
वाराणसी। सद्गुरु कबीर साहेब सत्संग मिशन (एकनामी) परिसर, ग्राम घूरीपुर, पोस्ट उदयपुर, सारनाथ में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रातःकाल से ही पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली आदि देश के विभिन्न राज्यों से हजारों कबीरपंथी श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं का आगमन प्रारंभ हो गया था। संपूर्ण आश्रम परिसर “सद्गुरु कबीर साहेब की जय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मानव जीवन में सद्गुरु की महत्ता का स्मरण किया।
इस अवसर पर कबीर साहेब सत्संग मिशन के अध्यक्ष सुनील साहेब एवं गुरुमाता ने भक्तों को सत्संग का अमृतपान कराते हुए कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। कबीर साहेब ने सदैव सत्य, प्रेम,समरसता, मानवता और आत्मबोध का संदेश दिया है। यदि मनुष्य सद्गुरु के बताए मार्ग पर चले तो उसका जीवन सफल एवं सार्थक हो सकता है।
कार्यक्रम में संत-महात्माओं द्वारा कबीर साहेब के दोहे, साखियाँ, रमैनियाँ तथा निर्गुण भजनों का अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण गायन हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति से परिपूर्ण रहा। इस दौरान बाहर से आए संतों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर कबीर साहेब का आशीर्वाद प्राप्त किया। समापन पर अध्यक्ष सुनील साहेब ने सभी संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों को आभार व्यक्त करते हुए सभी से कबीर साहेब की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और सेवा का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।




