Welcome to Jharkhand Aaj Tak 24   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Aaj Tak 24
लोकल न्यूज़

माननीय उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने बिष्टुपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का किया उद्घाटन, उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक व अन्य पदाधिकारी रहे मौजूद

माननीय उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने बिष्टुपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का किया उद्घाटन, उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक व अन्य पदाधिकारी रहे मौजूद

*जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर*

*माननीय उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने बिष्टुपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का किया उद्घाटन, उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक व अन्य पदाधिकारी रहे मौजूद*
——————————-

झारखण्ड सरकार के उद्योग विभाग के अधीन कार्यरत झारक्राफ्ट के जमशेदपुर स्थित नए इम्पोरियम का उद्घाटन माननीय उद्योग मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव द्वारा बिष्टुपुर स्थित दुकान संख्या-1/37, मेन रोड में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री राजीव रंजन, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह समेत जिला प्रशासन एवं झारक्राफ्ट के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर माननीय उद्योग मंत्री ने कहा कि झारखण्ड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा कला एवं प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। राज्य के कारीगरों की मेहनत, सृजनशीलता एवं पारंपरिक कला केवल उत्पाद नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में नए इम्पोरियम की स्थापना केवल एक व्यापारिक केन्द्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

माननीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया हस्तनिर्मित एवं प्राकृतिक उत्पादों की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है। ऐसे समय में झारखण्ड की डोकरा कला, तसर सिल्क, सोहराय पेंटिंग, बाँस एवं लकड़ी के हस्तशिल्प वैश्विक पहचान बना रहे हैं। झारक्राफ्ट ने राज्य के हजारों ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

माननीय मंत्री ने कहा कि झारक्राफ्ट ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्था को इस मुकाम तक पहुँचाने में 25 हजार से अधिक बुनकरों, 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियों/स्वयं सहायता समूहों एवं 220 कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान में झारक्राफ्ट के इम्पोरियम राँची, धनबाद, देवघर सहित देश के विभिन्न महानगरों जैसे बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली एवं मुंबई में संचालित हैं। पूरे देश में झारक्राफ्ट के 14 इम्पोरियम हथकरघा, हस्तशिल्प एवं सिल्क उत्पादों को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कारीगरों, डिजाइनरों एवं झारक्राफ्ट से जुड़े सभी पदाधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास, विपणन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आगे भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

माननीय मंत्री ने झारक्राफ्ट से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, डिजाइनरों एवं कारीगरों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह नया इम्पोरियम जमशेदपुरवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा तथा राज्य की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

===========================
*#Team PRD (East Singhbhum)*
===========================

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!